नैनीताल। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को विकसित भारत की नई पहचान, परिवार नियोजन हर दंपती की शान विषय को लेकर जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े का शुभारंभ किया। 24 जुलाई तक चलने वाले पखवाड़े में बीडी पांडे अस्पताल में मरीजों को जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जागरूक किया जाएगा।
बीडी पांडे अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी व पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने किया। सीएमओ ने कहा कि विभाग की ओर से आयोजित पखवाड़े में लोगों को जनसंख्या नियंत्रण व परिवार नियोजन के लाभ के बारे में बताया जाएगा। एक जून से तीन चरणों में आयोजित इस अभियान के तीसरे चरण में 24 जुलाई तक बीडी पांडे अस्पताल में प्रचार प्रसार किया जाएगा। इस मौके पर आशा कार्यकर्ताओं को नई पहल किट का वितरण किया गया। इसमें डॉ द्रौपदी गर्ब्याल, डॉ संजीव खर्कवाल, डॉ दिनेश पांडे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, दीप्ति धामी, शशिकला पांडे, दीपक कांडपाल, पंकज तिवारी, दीवान बिष्ट आदि मौजूद थे।