भीमताल/पहाड़पानी (नैनीताल)। ओखालकांडा ब्लॉक के थलाड़ी गांव में बृहस्पतिवार को एनडीआरएफ की टीम ने एक बच्ची का शव मलबे से निकाला। वहीं अब तक छह लोगों में से दो के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि चार लोगों को निकालने में टीम जुटी हुई है। वहीं विधायक राम सिंह कैड़ा दो दिन से मौके पर ही मौजूद हैं। विधायक ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम ने हरेंद्र सिंह की आठ साल की बेटी चांदनी बिष्ट का शव निकाला, जबकि उनकी मां शांति देवी का शव बुधवार को निकाला था।
विधायक ने बताया कि अभी उनकी पत्नी मीना देवी, दो बेटियां डिंपल बिष्ट, तनुजा बिष्ट और एक साल का बेटा पारस बिष्ट का पता नहीं चला है। साथ ही घटनास्थल पर डाक्टरों की टीम भी मौजूद है।
कैड़ा ने मुख्यमंत्री से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही बिजली, संचार सेवा को सुचारु और मोटर मार्गों को खोलने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
इधर रामगढ़ ब्लॉक के सुनका क्षेत्र में मलबे में दबे 9 मजदूरों में से 5 के शव बरामद कर लिए गए हैं। बृहस्पतिवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस ने तीन शव बरामद किए। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि सुनका से अभी तक पांच शव निकाले जा चुके हैं। एक शव नाले में दिखाई दिया है, जिसे शुक्रवार को निकाला जाएगा। साथ ही झूतिया में एक ही परिवार के तीन सदस्यों में पति-पत्नी के शव को निकाल लिया है। उन्होंने कहा कि टीम लगातार बचाव अभियान चला रही है।