नैनीताल कालाडूंगी मार्ग में बारापत्थर के पास सड़क में मलबा आने पर जेसीबी से हटाते लोनिवि कर्मी। ?
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश के चलते बारापत्थर क्षेत्र में सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने से नैनीताल-कालाढूंगी रोड यातायात ठप हो गया। शनिवार सुबह लोनिवि ने बंद सड़क के दोनों ओर दो जेसीबी मशीनों को लगाकर सड़क से मलबा हटवाया। शनिवार शाम करीब चार बजे रोड पर यातायात सुचारु करा दिया गया, लेकिन लोनिवि ने रात में सड़क पर यातायात बंद रखने की सिफारिश आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से की है।
वहीं, सड़क बंद होने पर रोड से आने-जाने वाले वाहनों को वाया रूसी बाईपास से डायवर्ट कराया। इस कारण कालाढूंगी की ओर से आने-जाने वाहन चालकों और सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोनिवि के सहायक अभियंता जीसी जनौटी ने बताया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ी से और भी मलबा या बोल्डर गिरने की आशंका है।
जिले की सात सड़कें अब भी बंद
नैनीताल। रुक-रुक कर हो रही बारिश और पहाड़ों में हो रहे भू-स्खलन के कारण जिले की सात सड़कें अब भी यातायात के लिए सुचारु नहीं हुई हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेश कुमार के मुताबिक ज्योलीकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा बोहरागांव-देवीपुरा, कालाखेत-दिग्थरी, छीड़ाखान-अमजड़, देवली-महतोलिया और रामनगर-तल्लीसेठी मोटर मार्ग बंद हैं। लोनिवि की ओर से इन सभी सड़कों पर जेसीबी लगाकर मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही बंद पड़ी सड़कों पर यातायात सुचारु करा दिया जाएगा।