हल्द्वानी। शनिवार शाम अचानक मेडिकल कालेज के छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए और महंगी फीस के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग पूरी होने तक प्रतिदिन कक्षाओं के बाद मेडिकल कालेज परिसर गेट में प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया।
राजकीय मेडिकल कालेज के 2019-20 और 20-21 बैच के करीब सवा सौ छात्र-छात्राएं शाम को परिसर से बाहर आ गए। तख्ती, पोस्टर लिए उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की फीस महंगी होने पर ऐतराज जताया। इस दौरान छात्र-छात्राएं यूनिफार्म में सड़क किनारे लाइन में तख्तियां पकड़े हुए थे। छात्रों का कहना था कि वह मध्यम वर्ग के परिवारों से आते हैं जहां सीमित आय के बावजूद उनके परिजन उनकी पढ़ाई की किसी तरह व्यवस्था कर रहे हैं ऐसे में उन्हें महंगी फीस खल रही है। उनका कहना है कि सभी राज्यों के मेडिकल कालेजों में प्रवेश के लिए नीट की परीक्षा कराई जाती है लेकिन उत्तराखंड के मेडिकल कालेजों में भारी भरकम फीस ली जा रही है, जबकि अन्य मेडिकल कालेजों में 20 से 80 हजार सालाना फीस ली जा रही है। सरकार सिर्फ मौखिक आश्वासन दे रही है, जबकि अभी तक लिखित कार्यवाही नहीं हुई।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी का कहना है कि छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया इसकी जानकारी मुझे नहीं है क्योंकि प्रशासन के निर्देश पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन हटा दिया गया है। व्यस्तता के कारण कॉलेज भी नहीं जा सका।