नैनीताल में हल्द्वानी मार्ग में गिरा अधेड़ को खाई की ओर देखती पुलिस व अन्य लोग।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। शनिवार देर शाम हल्द्वानी रोड पर टैक्सी स्टेंड के समीप पैरापिट में बैठा एक पूर्व सैनिक असंतुलित होकर 20-25 फुट से अधिक गहरी खाई में जा गिरा। दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को खाई से बाहर निकाला।
धोबीघाट निवासी सुनील कुमार पुत्र बाबू लाल सेना से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में नैनीताल में होटलों के लिए गाइड का काम करते हैं। शनिवार शाम पौने आठ बजे के करीब वह हल्द्वानी रोड में टैक्सी स्टेंड के पास पैरापिट में बैठे थे। इसी दौरान वह असंतुलित होकर खाई की ओर जा गिरे और सड़क से लगी दीवार की झाड़ियों में अटक गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चीता मोबाइल प्रभारी शिवराज राणा मौके पर पहुंचे। हादसे के करीब 20 मिनट बाद वह झाड़ियों से निकलकर सड़क से नीचे आबादी क्षेत्र में एक व्यक्ति के बाथरूम की छत में गिरे। उसके बाद छत से लुढ़ककर मकान के पीछे गैलरी में जा पहुंचे। इसी बीच चीता मोबाइल प्रभारी शिवराज राणा और दमकल की टीम ने नीचे उतरकर किसी तरह सुनील को वहां से निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो नाले में फेंक दी
नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक युवक ने बाइक स्टार्ट न होने पर नाले में फेंक दी। जानकारी के मुताबिक रूकट कंपाउंड निवासी एक युवक रोज की तरह अपनी बाइक पर घर से बाजार की ओर निकला। मेट्रोपोल होटल से नीचे की ओर चौराहे पर पहुंचते ही युवक ने बाइक स्टार्ट की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर युवक ने मेट्रोपोल रोड में स्थित अग्निशमन कार्यालय के सामने से अपनी बाइक को नाले में फेंक दिया। लगभग घंटेभर बाद आसपास के लोगों ने बाइक को नाले से निकाला। आखिर में युवक अपनी बाइक ले गया।