Ignorance of Silent Zone in Corbett Landscape
रामनगर (नैनीताल)। हिम्मतपुर डोटियाल में एक रिजॉर्ट में बज रहे डीजे को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीण रिजॉर्ट में घुस गए और डीजे बंद कराकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रिजॉर्ट और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
हिम्मतपुर डोटियाल में एक रिजॉर्ट में मंगलवार की रात शादी थी और शादी में डीजे बज रहा था। रात करीब 11 बजे के आसपास ग्रामीण एकजुट होकर रिजॉर्ट में पहुंचे और ग्रामीणों ने रिजॉर्ट कर्मियों से डीजे बंद करने को कहा। डीजे बंद करने को लेकर ग्रामीणों और रिजॉर्ट कर्मियों के बीच कहासुनी हुई और हंगामा हुआ।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि रातभर रिजॉर्टों में डीजे बजता है। डीजे बजने की वजह से ग्रामीण रात में नहीं सो पाते हैं। कई बार रिजॉर्टों से आग्रह किया गया कि वह रात के समय डीजे न बजाए, लेकिन कोई नहीं सुनता है।
मामला बढ़ता देख पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही रिजॉर्ट वालों से रात में डीजे न बजाने को कहा। हंगामे के बीच शादी समारोह में व्यवधान भी पड़ा। देर रात शादी कराई गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एसआई कैलाश जोशी को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि एक माह से लगातार रातभर डीजे बजाया जा रहा है। बार-बार शिकायत करते के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। तीन बजे रात तक डीजे बजता है, और ग्रामीण चैन से नहीं सो पाते हैं। प्रशासन को डीजे पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।