हल्द्वानी। गैस पाइप लाइन के लिए खोदाई के दौरान टूटी पेयजल लाइन में पत्थर और कचरा भर जाने से कुसुमखेड़ा इलाके की कई कालोनियों में तीन दिनों से पेयजल लाइनें चोक हैं। रविवार को हुई भारी बारिश से गौला में भी सिल्ट आने से गंदे पानी की आपूर्ति हुई। इस कारण सोमवार को शहर के तमाम इलाकों में भी गंदले पानी की आपूर्ति हुई।
जलसंस्थान के अवर अभियंता एमसी सती ने बताया कि कुसुमखेड़ा क्षेत्र के उत्तरांचल विहार फेज एक से तीन, भूमिया विहार फेज एक से चार, कमलुवागांजा रोड में त्रिमूर्ति मंदिर तक पेयजल लाइनों में रोड़ा, मिट्टी आदि फंसने से लाइनें चोक हैं। इसकी सूचना ईई को लिखित रूप से दे दी है। लाइनें गहरी होने से अभी इनकी मरम्मत नहीं हो सकी है। जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल वितरित किया गया।