हल्द्वानी। अल्मोड़ा जिले के टोटाम में हुए सड़क हादसे के दौरान घायल देवी दत्त (70) की सोमवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। अभी सात अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने परिजनों को सांत्वना दी।
अल्मोड़ा जिले के टोटाम में 13 मार्च को बस खाई में गिरने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए थे। घायलों में से आठ लोगों का इलाज एसटीएच के पास एक निजी चिकित्सालय में चल रहा था। अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं स्वास्थ्य रोग के विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंघल ने बताया कि देवी दत्त की हालत काफी खराब थी। अधिक उम्र होने के कारण वह ब्लड सर्कुलेशन कमजोर था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, मेडिकल चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी के साथ अस्पताल पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शव को घर भेजने तक का खर्च जिला प्रशासन उठाएगा। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया। मंगलवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंपेगी। अभी अस्पताल में सात घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।