भीमताल (नैनीताल)। मुंबई में एक युवती का सौदा हुआ। खरीदार ने युवती को गलत काम में उतारने की कोशिश की। जब युवती ने मना किया तो वह उसे बहाने से पहाड़ की हसीन वादियाें में घुमाने लाया। मौका पाकर युवती को झील किनारे पीटकर फेंक दिया लेकिन उसकी सांसें नहीं थमी। होश आने पर युवती ने युवक का भंडाफोड़ कर दिया। यह कहानी पूरी फिल्मी लगती है लेकिन ऐसी घटना भीमताल में सामने आई है।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क में बैठी 36 वर्षीय युवती ने एसआई जोगा सिंह को बताया कि वह मुंबई निवासी है और उसके माता-पिता जीवित नहीं हैं। युवती के अनुसार उसे मुंबई में एक युवक ने झांसा देकर हरदोई के एक युवक को बेच दिया था लेकिन उसे हरदोई के व्यक्ति का नाम नहीं बताया है।
युवती ने बताया कि हरदोई के जिस युवक ने उसे खरीदा था वह उसे कमरे में बंद कर पीटता था। साथ ही नशे की गोलियां उसे देता था, जिससे वह बेहोशी की हालत में पड़ी रहती थी। बाद में वह उसके साथ दुराचार करता और दूसरों के आगे परोसना शुरू कर दिया था। जब वह विरोध करती तो लात घूंसे से पिटाई होती थी।
इधर बुधवार को वह उसे भीमताल लेकर आया और मारपीटकर पार्क में मरा समझ कर छोड़ गया। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हरदोई के खरीदार पर आरोप, पीटकर दीनदयाल पार्क में फेंका और भाग गया