अंतू में मंगलवार रात आधे घंटे के भीतर बेखौफ लुटेरों ने दो सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना में बदमाशों ने शादी से लौट रहे युवक की हत्या कर उसके साथी की बाइक लूट ली। इस घटना के आधे घंटे पहले कार सवार बदमाशों ने शादी से लौट रहे लखीमपुर जनपद में तैनात सिपाही की पल्सर लूट ली थी। विरोध करने पर बदमाशों ने सिपाही पर पिस्टल से फायर झोंक दिया। हालांकि, उन्होंने एक मकान में छिपकर अपनी जान बचाई।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरे अंती निवासी प्रवीण वर्मा (23) पुत्र संतलाल वर्मा मंगलवार की रात अपने दोस्त की बारात में शामिल होने के लिए अंतू थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गया था। उसके साथ चचेरा भाई राकेश वर्मा, पड़ोसी गुलाबचंद्र वर्मा, प्रेमचंद्र और देवता भी अलग-अलग बाइक से गए थे। रात करीब 12 बजे तीन बाइक से सभी घर लौट रहे थे। चौरा के पास अपाचे बाइक सवार तीन लुटेरों ने प्रवीण की बाइक का पीछा कर उसके पैर में गोली मार दी। इसके बाद चालक राकेश बाइक लेकर गिर पड़ा। लुटेरों ने दूसरा फायर भी प्रवीण पर झोंक दिया। बदमाश प्रवीण की गिरी बाइक उठाकर स्टार्ट करने लगे। तभी पीछे से गुलाब नई बाइक लेकर आ गया। बदमाश उसे तमंचा दिखाने के बाद नई बाइक व मोबाइल लूटकर भाग निकले। गोली लगने से घायल प्रवीण को परिजन जिला अस्पताल लाए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। इलाज के दौरान प्रवीण की मौत हो गई।
इस घटना से करीब आधे घंटे पहले कार सवार लुटेरों ने शिवराजपुर निवासी सिपाही कृपाशंकर पांडेय को अपना शिकार बनाया। लखीमपुर खीरी जिले में सिपाही पद पर तैनात कृपाशंकर शादी में शामिल होकर उपाध्यायपुर से अपने घर लौट रहे थे। कार सवार बदमाशों ने चौरा के पास सिपाही को भदौसी जाने का रास्ता बताकर रोका था। सिपाही के रुकते ही बदमाश नीचे उतरे और तमंचा सटाकर बाइक लूटने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने कृपाशंकर पांडेय पर फायर झोंक दिया। वह बाल-बाल बच गए। जान बचाने के लिए मकान के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। अंतू में आधे घंटे के भीतर दो सनसनीखेज वारदात की खबर मिलने के बाद पहुंची पुलिस केवल सुरागरशी में जुटी रही। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि मृतक प्रवीण के परिवारीजनों ने तहरीर नहीं दी है।