पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक पर 2500 रुपये का इनाम घोषित है। मामले में एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों की स्कूटी को सीज कर दिया है। वहीं, एक आरोपी के बैंक खाते को सीज किया गया है। इसमें 80 हजार रुपये जमा थे।
सीओ अनिल जोशी ने बताया कि पांच मार्च को तड़ियाल चौक पदमपुर निवासी विकास सिंह रावत ने कोतवाली में बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। नौ अगस्त को यूपी में खिवाई बढ़ौत रोड पर पुलिस टीम ने चोरी की घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ देव निवासी ग्राम तितावी, मुजफ्फरनगर और अजय उर्फ सोनू निवासी ग्राम बावली, बागपत, यूपी के रूप में हुई है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पांच मार्च को एक अन्य साथी विनीत निवासी अतरौली, गाजियाबाद के साथ स्कूटी पर कोटद्वार आए थे। कोटद्वार से बाइक चोरी करने के बाद उन्होंने उसे नेपाल में बेच दिया।