भाबर के झंडीचौड़ क्षेत्र से शुक्रवार को तीन किशोर घर से घूमने के लिए निकले। काफी देर तक भी घर नहीं लौटने पर परिजनों से पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तीनों किशोर को मेरठ से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज पीएस नेगी ने बताया कि शुक्रवार देर शाम झंडीचौड़ निवासी सतेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके बेटे समेत 10, 11 और 12 वर्ष के तीन बच्चे दोपहर से लापता हैं। सूचना पाते ही चौकी इंचार्ज ने टीमें गठित कर खोजबीन शुरू की। मिलनचौक में उन्हें तीनों बच्चे सीसीटीवी में कोटद्वार की तरफ जाते हुए दिखे। रात करीब साढ़े दस बजे उन्हें सूचना मिली कि मेरठ सदर थाना पुलिस ने तीन बच्चों को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा है। मेरठ पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि तीनों बच्चे झंडीचौड़ के ही हैं। कलालघाटी पुलिस टीम तीनों बच्चों को मेरठ से ले आई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। संवाद