चूनाधारा के निकट नेशनल हाईवे-534 पर शराब पीकर हुड़दंग मचाना पर्यटकों को भारी पड़ गया। इस दौरान पर्यटकों की पुलिस व आम जनता से तीखी नोकझोंक भी हुई। इस पर पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे नौ पर्यटकों का मेडिकल कराकर 81 पुलिस एक्ट में चालान कर दिया।
चौकी प्रभारी सूरत शर्मा ने बताया कि वीकेंड पर रविवार रात को हरियाणा व यूपी के युवकों ने चूनाधारा के निकट नेशनल हाईवे 534 पर सड़क किनारे बैठकर शराब पी और इसके बाद वह हुड़दंग मचाने लगे। सूचना पर पहुंची दुगड्डा चौकी पुलिस ने उन्हें सार्वजनिक स्थल पर शराब न पीने की हिदायत दी। स्थानीय लोगों ने भी हुड़दंग मचाने पर आपत्ति जताई, लेकिन पर्यटकों ने उनकी एक नहीं सुनी। पर्यटकों ने पुलिस के साथ अभद्रता भी की। पुलिस ने मामले में सागर शर्मा निवासी हापुड़ उत्तर प्रदेश, कार्तिक चौधरी, अजीत चौधरी, प्रियांशु शर्मा, सोबित शर्मा, राजेश चौधरी निवासी पिलखुवा उत्तर प्रदेश, सतेंद्र निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, अंशकुल गुप्ता, विवेक सिंह निवासी फरीदाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने आरोपियों का पीएचसी में मेडिकल कराने के बाद 81 पुलिस एक्ट में चालान कर चेतावनी देकर छोड़ दिया।