कोटद्वार तहसील में धरना देते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
- फोटो : KOTDWAR
क्षेत्र की सुखरो और तेलीस्रोत नदियों में मानकों के विपरीत चल रहे खनन को बंद करने की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सुखरो नदी में डूबकर मरे किशोर की मौत के लिए जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बजरंगी और प्रदेश मंत्री मीना अग्रवाल की अगुवाई में संगठन ने सोमवार को कोटद्वार तहसील में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 21 जुलाई को बलभद्रपुर निवासी एक किशोर सुखरो नदी में नहाने गया था। वहां मनमाने खनन के कारण खोदे गए गड्ढे में डूब गया। मानक के अनुरूप काम होता तो किसी की जान नहीं जाती। इससे पहले भी खोह नदी में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही मनमाना खनन नहीं रोका गया तो जनता के सहयोग से आंदोलन तेज किया जाएगा।