दुगड्डा ब्लाक के ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का भुगतान नहीं होने तक ऑडिट कार्य के बहिष्कार की चेतावनी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मनरेगा के श्रमिकों और निर्माण सामग्री का भुगतान करने की मांग की।
ज्ञापन में प्रधानों ने कहा कि अभी तक ग्राम प्रधानों को वर्ष 2020-21 में मनरेगा कार्यों में उपयोग हुए मैटेरियल और श्रमिकों का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में सोशल ऑडिट कराने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सीएम से मनरेगा के कार्यों का भुगतान नहीं होने पर ऑडिट में सहयोग नहीं करने और आगे भी मनरेगा कार्य नहीं करने की चेतावनी दी। ज्ञापन भेजने वालों में प्रधान वीरेंद्र सिंह नेगी, आसमां बेगम, कमला देवी, पूनम देवी और सुनीता देवी आदि मौजूद थे।