होली की छुट्टियां समाप्त होते ही प्रवासी अब लौटने लगे हैं। रविवार को दूसरे दिन रोडवेज बस अड्डे पर मैदानी रूट पर जाने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ी रही। यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए रोडवेज डिपो प्रबंधन को दिल्ली समेत मैदानी रूट के लिए 27 बसों का संचालन करना पड़ा।
होली से पहले सवारियों का टोटा झेल रहे उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। होली की छुट्टियों में पर्वतीय क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी अब शहरों की ओर लौटने लगे हैं। रविवार सुबह से ही मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, जयपुर, चंडीगढ़, अमृतसर की बसों को पकड़ने के लिए लोगों में मारामारी रही। सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक रोडवेज बस अड्डे पर सवारियों का जमघट लगा रहा। लोग बसों के इंतजार के लिए धूप में कई घंटों तक बस अड्डे और लालबत्ती चौक में खड़े रहे।
उधर, रोडवेज के कनिष्ठ केंद्र प्रभारी बीरेंद्र जदली ने बताया कि दिल्ली रूट पर प्रतिदिन 21 बसें चलती हैं लेकिन लोगों की भीड़ को देखते हुए रविवार को छह 6 अतिरिक्त बसें लगानी पड़ीं। रविवार को कुल 27 बसें दिल्ली रूट के लिए रवाना की गईं।
सिद्धबली-जनशताब्दी एक्सप्रेस भी रही फुल
बसों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए सिद्धबली-जनशताब्दी एक्सप्रेस भी पकड़नी पड़ी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रविवार को कोटद्वार से दिल्ली के लिए ट्रेन में बुकिंग फुल रही। 200 के करीब वेटिंग थी।