जौनपुर स्नेहकुंज कालोनी में गत चार दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण लोग परेशान हैं। ऐसे में लोगों को अन्य क्षेत्रों से साफ पानी ढोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं विभागीय लापरवाही के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 जौनपुर क्षेत्र में डिग्री कालेज के पास स्थापित ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार से जौनपुर की स्नेहकुंज कालोनी में करीब 20 घरों में बदबूदार गंदा पानी आ रहा है। गंदे पानी से लोगों को जीना मुहाल हो गया है। शिकायत के बाद भी विभाग लोगों की समस्या का समाधान नहीं कर रहा है, जिसके कारण लोगों में विभाग के खिलाफ आक्रोश है। स्नेहकुंज निवासी मुकेश कुमार, सीमा अग्रवाल, राकेश कुमार, बिट्टू अग्रवाल, मो. इमरान ने जलसंस्थान पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि जब भी कालोनी का सीवर चोक होता है, तभी से घरों में दूषित पानी आना शुरू हो जाता है। कई बार जलसंस्थान को शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वर्तमान में चार दिनों से कालोनी के करीब 20 घरों के नलों में बदबूदार गंदा पानी आ रहा है। विभाग के आला अधिकारी उनकी शिकायत पर गौर नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण उनको स्वच्छ पेयजल के लिए कई परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर कालोनीवासियों के साथ विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव करने की चेतावनी दी है।
जौनपुर स्नेहकुंज कालोनी में दूषित पेयजल आपूर्ति की जानकारी नहीं है। शीघ्र लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। - बीआर चौधरी, सहायक अभियंता जलसंस्थान कोटद्वार।