भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस प्रशासन किसानों की आवाज दबाना चाहता है। यही कारण 26 अगस्त को उन्हें एसएसपी कार्यालय का घेराव करने से जबरन रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि किसान फिर से और ताकत के साथ अपनी मांगों के लिए एसएसपी कार्यालय पर धरना देने के लिए पहुंचेंगे।
रविवार को गांव गढ़मीरपुर में हुई किसानों की पंचायत में पहुंचे चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि ऊर्जा निगम और तहसील प्रशासन की ओर से किसानों का ज्यादा शोषण किया जा रहा है। किसानों को छोटे-छोटे कामों के लिए महीनों तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बिना सुविधा शुल्क लिए कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तहसीलों और ऊर्जा निगम के दफ्तरों में भी धरना-प्रदर्शन कर अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। दफ्तरों में किसानों का शोषण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विकेश बालियान ने कहा कि जनपद हरिद्वार में किसानों का उत्पीड़न किसी भी दफ्तर नहीं होने दिया जाएगा। किसानों को न्याय दिलाने के लिए यूनियन अपनी पूरी ताकत झोंक देगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विभाग में अधिकारी-कर्मचारी किसानों को बेवजह परेशान करेगा, उसके खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान संगठन की मजबूती के लिए सुभाष को जिला सचिव नियुक्त किया गया। इस मौके पर पवन त्यागी, अजय त्यागी, मनीष गुर्जर, निखिल चौधरी, संदीप चौहान, वीरेंद्र तेवतिया, सुनील, अंजू आदि मौजूद रहे।