फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोमवती अमावस्या: पूरा शहर जाम, व्यवस्थाएं धड़ाम

विज्ञापन
सोमवती अमावस्या में हरकी पैड़ी पर स्नान करने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ । - फोटो : HARIDWAR
विज्ञापन
सोमवती अमावस्या स्नान पर यातायात को लेकर पुलिस के बड़े-बड़े दावे यात्रियों की भीड़ के सामने धड़ाम हो गए। सोमवार की सुबह से देर शाम तक हाईवे समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा। शिवमूर्ति से लेकर अपर रोड होते हुए हरकी पैड़ी पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहा। वहीं ललतारो पुल से यात्रियों को बिरला पुल से रोडी बेलवाला की तरफ भेजा गया।
विज्ञापन

सोमवती अमावस्या पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत के आदेश पर यातायात पुलिस ने पार्किंग, यातायात परिवर्तन का प्लान तैयार किया गया था। इसके साथ ही देहरादून मुख्यालय से आए अधिकारियों ने भी बैठक कर स्नान को सकुशल संपन्न बनाने की बात कहीं थी। मगर पुलिस द्वारा तैयार किए गए यातायात प्लान की रविवार के साथ सोमवार को भी यात्रियों की भीड़ के सामने धज्जियां उड़ गईं। स्नान पर भी हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
हाईवे पर लगे करीब छह किलोमीटर लंबे जाम के चलते राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। सिंहद्वार फ्लाईओवर की सर्विस लेन से लेकर पतंद्वीप तक जाम लगा रहा। स्नान पर हाईवे पर शंकराचार्य चौक से रोड़ी बेलवाला चौकी की ओर आने वाले वाले मार्ग पर जाम लगा रहा। अलकनंदा होटल से आने वाली सर्विस लेन और चंडी चौक से रोड़ी बेलवाला मैदान को जाने वाली सर्विस लेन पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। रेलवे स्टेशन रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार यातायात पुलिस के बनाए गए खोखले प्लान की हकीकत को खोलकर सामने रख रही थीं।
विज्ञापन

रात भर लागू रहा डायवर्जन, लेकिन कोई फायदा नहीं
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर लागू किया गया डायवर्जन प्लान रविवार सुबह से लेकर सोमवार शाम चार बजे तक जारी रहा। बैरागी कैंप पार्किंग में ही रात से लेकर दिनभर यात्री वाहन पार्क कराए जाते रहे। उनकी वापसी भी लक्सर मार्ग से होती रही। शाम चार बजे के बाद यातायात का दबाव कम होने पर डायवर्जन प्लान को हटाते हुए हरकी पैड़ी से सटी पार्किंगों में यात्री वाहन भेजे जाते रहे। पार्किंगों से सोमवार सुबह से निकासी तेजी से होती रही।
इस तरह से भेजे गए वाहन
रविवार सुबह से ही नगर इमरती रुड़की से यातायात को डायवर्ट करते हुए वाया लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, मातृ सदन आश्रम पुल से होते हुए बैरागी कैंप भेजा जा रहा था। यह व्यवस्था दिल्ली वेस्ट यूपी के रूट से आ रहे वाहनों को लेकर की गई थी। पंजाब-हरियाणा से आ रहे वाहनों को भगवानपुर, इमलीखेड़ा, धनौरी, बहादराबाद, सिंहद्वार चौक होते हुए देशरक्षक तिराहा, बुढ़ीमाता तिराहा, श्रीयंत्र मंदिर होते हुए बैरागी कैंप भेजा गया। यह व्यवस्था रविवार सुबह से शुरू होकर सोमवार शाम चार बजे तब तक चलती रही, जब तक यातायात का दबाव कम नहीं हो गया। बैरागी कैंप पार्किंग से वाहनों को शंकराचार्य चौक की तरफ से वापस नहीं भेजा गया, उन्हें उसी रास्ते से भेजा गया, जहां से उनकी बैरागी कैंप पार्किंग में एंट्री हुई थी।
यात्रियों की भीड़ के चलते हुए यातायात पुलिस के द्वारा लागू किया गया डायवर्जन प्लान लागू रहा। निर्धारित पार्किंगों में वाहनों को पार्क कराया गया। इतनी भीड़ होने के बाद भी हम स्नान को सकुशल संपन्न कराने में सफल रहे। - हिमांशु वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात, हरिद्वार।
सीएनजी पंप पर लगी लंबी लाइन
सोमवती अमावस्या स्नान के चलते हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हरियाणा और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों की सीएनजी लेने के लिए धनोरी रोड स्थित पंप पर लंबी लाइन लगी रही। लोगों को सीएनजी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। बहादराबाद से धनौरी रोड पर सीएनजी का पंप हैं। इससे पहले हरिद्वार में रानीपुर झाल के पास स्थित सीएनजी पंप पर वाहनों की कतार देखी गई। धनौरी रोड स्थित पंप पर कम संख्या में ही वाहन सीएनजी भरवाने के लिए जाते थे लेकिन सोमवती अमावस्या के स्नान के चलते सोमवार को दिनभर इस पंप पर सीएनजी के लिए वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें