हरिद्वार के लालढांग में हाथियों के झुंड ने किसानों पर हमला कर दिया। जिसमें एक किसान की मौत हो गई और बाकियों ने भागकर अपनी जान बचाई। मृतक के परिजनों में कोहराम मच हुआ है।
हरिद्वार के लालढांग में बाइक पर जा रहे चार किसानों पर हाथियों के एक झुंड ने हमला कर दिया। हमले में एक किसान की मौत हो गई। बाकी तीन किसानों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। रविवार शाम पीली पाव निवासी 55 वर्षीय मलकीत सिंह पुत्र संतराम सिंह अपने तीन किसान साथियों के साथ दो बाइक पर श्यामपुर खेतीबाड़ी के लिए खाद-बीज खरीदने जा रहे थे।
विज्ञापन
कुछ दूर पहुंचने पर पानी कीतलाश में भटक रहे हाथियों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया। तीन किसानों ने तो बंद पड़ी गंगनहर में कूदकर अपनी जान बचा ली लेकिन मलकीत सिंह भाग नहीं पाए। हाथी के हमले से मलकीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास में गश्त कर रही वन विभाग की टीम मौके की तरफ दौड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की तरफ खदेड़ा गया। वन विभाग की टीम घायल मलकीत सिंह को श्यामपुर तक बाइक पर लेकर पहुंची। श्यामपुर से एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया।
श्यामपुर रेंजर यशपाल राठौर का कहना है कि आजकल हाथी गर्मी के कारण पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। पीड़ित के परिजनों को मुआवजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। उधर मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों में वन विभाग के खिलाफ रोष पनप रहा है। लोगों का कहना है कि वन विभाग को हाथियों पर रोक लगानी चाहिए। उनके लिए पानी की व्यवस्था जंगल में ही की जाए ताकि वह जंगल से बाहर आकर लोगों पर हमला ना कर सकें।