हरिद्वार। हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने एक ही जमीन को दो बार बेचने के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुुताबिक कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन निवासी वैभव चौहान नैनीताल हाइकोर्ट में अधिवक्ता हैं। वैभव चौहान के मुुताबिक कुछ समय पहले उन्होंने सलेमपुर निवासी कलीम से सुल्तानपुर मजरी में 27 लाख रुपये में एक जमीन खरीदी थी। वैभव ने बताया कि काम के चलते हरिद्वार में पिछले दिनों उनका आना जाना कम हुआ। कुछ दिन पहले वह हरिद्वार आए और अपनी जमीन को देखने के लिए पहुंचे तो वहां की स्थिति बदली मिली। दस्तावेजों की जानकारी जुटाने पर पता चला कि कलीम ने नजमा, उसके पति अफजल और शौकीन निवासी पांवधोई ज्वालापुर के साथ मिलकर वही जमीन 24 लाख रुपये में नजमा को बेच दी। अफजल और शौकीन इसमें गवाह बने हैं, जबकि टाइपकर्ता इमरान निवासी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर हरिद्वार ने अपने हस्ताक्षर किए। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में शिकायती पत्र दिया। रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।