फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

खानपुर के युवक की हत्या, दोस्तों पर शक

Tue, 29 Oct 2013 11:31 PM IST
अमर उजाला, लक्सर।
खानपुर क्षेत्र के एक युवक की हत्या करने के बाद शव को यूपी बार्डर के बढ़ीवाला क्षेत्र (मुजफ्फरनगर जनपद) में फेंक दिया गया। कत्ल करने का शक उसके दो दोस्तों पर है, जो फरार हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। तनातनी के चलते गांव में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी है।


खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंद वाला निवासी बालेश्वर (30) खेती करता था। सोमवार दोपहर बाद बालेश्वर को उसके दो दोस्त बुलाकर अपने साथ ले गए थे। सोमवार रात बालेश्वर इनके साथ अपनी ससुराल खानपुर पहुंचा था।

जहां पर कुछ देर रुकने के बाद सभी वहां से आ गए थे। बालेश्वर के दोस्तों ने मंगलवार सुबह गांव आकर खबर दी कि बालेश्वर की सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसकी लाश यूपी बार्डर से लगे बढ़ीवाला क्षेत्र में पड़ी है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।


ग्रामीण पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ मनोज कत्याल ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। मृतक के भाई सुमित का आरोप है कि बालेश्वर का दोनों दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसकी हत्या कर दी।

आरोप है कि दोनों दोस्तों ने हत्या को हादसे का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने लालचंद वाला गांव के सतीश और मोनू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। हालांकि अभी तक आरोपी हाथ नहीं आ सके हैं।
विज्ञापन

Next
AU ऐप में पढ़ें