चुनावी मौसम में पुराने ऑडियो और वीडियो के जिन्न बाहर निकलने लगे हैं। ये सोशल मीडिया में खूब वायरल किए जा रहे हैं। इससे प्रत्याशियों की टेंशन बढ़ रही है।
विधानसभा चुुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप समेत निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी गई है। प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार को लेकर बड़े-बड़े नेताओं ने भी डेरा डाल लिया है। उम्मीदवार अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। पर प्रत्याशियों के सामने उनकी पुरानी आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो ने उन्हें परेशानी में डाला हुआ है।
दरअसल, विपक्षी ढूंढ-ढूंढकर विरोधियों के ऑडियो-वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुपों, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया के प्लेटफार्मों पर अपलोड करके वायरल करने में लगे हैं। जिससे प्रत्याशियों की काफी किरकिरी भी हो रही है। चुनाव जैसे-जैसे आखिरी दौर में आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे प्रत्याशियों के पुराने वायरल ऑडियो वीडियो तेजी के साथ बाहर आते जा रहे हैं। इनमें गाली-गलौच से लेकर किसी को धमकाने आदि के ऑडियो-वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। जिससे प्रत्याशियों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्याशी भी पुराने वायरल ऑडियो वीडियो को लेकर काफी आहत और असहज महसूस कर रहे हैं।