हरकी पैड़ी व सप्तऋषि रोड पर अतिक्रमण हटाने को लेकर सहारनपुर से मंगाये गए नक्शे को देखते एसडीएम ।
- फोटो : HARIDWAR
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने हरकी पैड़ी क्षेत्र से 1979 और सप्तऋषि रोड क्षेत्र से 1956 के मास्टर प्लान के आधार पर अतिक्रमण हटाने की तैयारियां शुरू कर दी है। एसडीएम ने तीन विभागों के अधिकारियों को अतिक्रमण चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा ने अपने कार्यालय में कांवड़ मेले क्षेत्र के हरकी पैड़ी, सप्तऋषि रोड, ललतारौ पुल और मोती बाजार में हुए अतिक्रमण को लेकर सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सही ढंग से अतिक्रमण चिह्नित नहीं होने से पूूरी कार्रवाई भी नहीं हो पाती है। यही नहीं अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी विभाग के अधिकारी के पास सही जानकारी भी नहीं होती है।
एसडीएम पूरण सिंह राणा ने सहारनपुर से हरिद्वार का पुराना नक्शा मंगवाया है। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि नक्शे के आधार पर मुख्य हरकी पैड़ी क्षेत्र पर 1979 में मास्टर प्लान के तहत हरकी पैड़ी के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहित की गई थी। उस पर भी अतिक्रमण किया जाना पाया गया है। इसके अलावा सप्तऋषि रोड माता मंदिर के सामने स्थित जगह के संबंध में 1956 के नक्शे के अनुसार भी प्रथम दृष्ट्या अतिक्रमण पाया गया।
उन्होंने अधिकारियों को संयुक्त रूप से आठ व नौ जुलाई को अतिक्रमण चिन्हीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए अतिक्रमण चिह्नित कर नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं। इसके बाद अतिक्रमण न हटाने पर पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाया जाए।