पथरी क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने किसानों की फसल को रौंद डाला। यह झुंड पिछले 10 दिन से आबादी क्षेत्र के पास ही घूम रहा है। पीड़ित किसानों ने नष्ट फसलों के मुआवजे की मांग की है।
क्षेत्र में गंगा नदी को पार करके हाथियों का एक झुंड बिशनपुर कुंडी के नजदीक आ रहा है। इससे वन विभाग को उसे रोकने के लिए रातभर कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अब तक तो वन विभाग के गश्त कर्मचारी हाथियों को रोकने में लगे हुए थे लेकिन सोमवार रात हाथियों का झुंड किसानों के खेतों में घुस गया। हाथियों ने कुंडी, कटारपुर, बहादरपुर जट, रानीमाजरा, चांदपुर के खेतों में फसलों को रौंद डाला। इससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। किसान, बबलू, रमेश,पंकज, दीपक, रामपाल सिंह ने बताया कि हाथियों ने फसलों को बहुत नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की गश्त टीम हाथियों को क्षेत्र में आने से रोकने में असफल साबित हो रही है। यूं ही हाथी आकर उनकी फसलों को नष्ट करते रहे तो वह रेंज कार्यालय में जाकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उधर, हरिद्वार रेंजर दिनेश प्रसाद नौडियाल का कहना है कि हाथियों को किसानों को खेेतों में रोकने के लिए गश्त टीम लगी हुई है। हाथियों को रोकने के लिए गश्त को और कड़ा किया जाएगा।