श्री अरविंदो सोसायटी की ओर से राधा गोविंद मंदिर खेतान भवन में आयोजित दो दिवसीय शिविर रविवार को संपन्न हो गया। शिविर में सफलता के मंत्र बताने के बाद प्रतिभागियों को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को श्री अरविंद की शिक्षा को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
रविवार को गोविंद वल्लभ ट्रस्ट की अंजना, श्री अरविंदो सोसायटी पैगंबरपुर शाखा की अध्यक्ष कीर्ति अधिकारी, रवि खंडेलवाल, डॉ. रजमीत, डॉ. पूजा मलिक, प्रज्ञान चौधरी ने शिविर का शुभारंभ किया। गोविंद वल्लभ ट्रस्ट की अंजना ने कहा कि श्री अरविंद ने भारतीय शिक्षा चिंतन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके शिक्षा दर्शन से सही दिशा-निर्देश मिले हैं। उनका मानना था कि शिक्षा से ही व्यक्ति की अन्तर्निहित बौद्धिक एवं नैतिक क्षमताओं का सर्वोच्च विकास होना चाहिए।
श्री अरविंदो सोसायटी पैगंबरपुर शाखा की अध्यक्ष कीर्ति अधिकारी ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा ग्रहण कराएं। बच्चों को मशीन न समझा जाए और जबरन उन पर कुछ भी थोपना नहीं चाहिए। शिक्षा और भविष्य को लेकर वह क्या सोचते हैं उनके विचारों को भी समझना चाहिए। शिविर के प्रतिभागियों को ज्वालापुर स्थित शाखा में मेडिटेशन का प्रशिक्षण देने के साथ ही मां मनसा देवी, आनंदमयी सेवा सदन सहित कई जगहों का भ्रमण कराया गया। इसके बाद गंगा आरती में सभी लोग शामिल हुए।
शामली शाखा की अध्यक्ष डॉ. पूजा मलिक ने शिविर में सभी को सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान अनिल त्यागी, संदीप त्यागी, विक्रम दास, नरेश त्यागी, मोनिका दास, शालू त्यागी, लवी, संदीप दत्ता, सुनीता दत्ता, कुलवीर, धर्मवीर समेत उत्तर प्रदेश के बिजनौर के पैगंबरपुर, मेरठ, मुबारकपुर और उत्तराखंड से रुद्रपुर के कई लोगों ने प्रतिभाग किया।