हरिद्वार। दीपावली की पूर्व संध्या पर ब्रह्मपुरी में महिला की हत्या कर देने के मामले के तार प्रेम प्रसंग से जुड़ रहे हैं। पुलिस की तफ्तीश में यह निकलकर आ रहा है कि विवाह के लिए दबाव डालने पर ही प्रेमी ने उसकी यहां लाकर सुनियोजित तरीके से हत्या की। आरोपी के गिरफ्त में आने तक पुलिस अभी सीधे तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
नगर कोतवाली से सटी ब्रह्मपुरी की रहने वाली बुजुर्ग सरस्वती देवी के घर दीपावली की पूर्व संध्या पर पहुंचे युगल ने कमरा किराये पर लिया था। खुद का नाम रवि और रीना बता रहे दंपति ने कहा था कि वह कनखल में रहते थे। पुरुष ने कहा था कि वह पेशे से ऑटो रिक्शा चालक है और दीपावली के दिन पूरा सामान लेकर आएंगे।
युगल को कमरे की चाभी देकर बुजुर्ग दीपावली की खरीददारी करने चली गई थी। लौटने पर देखा था कि कमरे पर ताला लटका हुआ था। बुजुर्ग ने यह सोचा था कि युगल कल अपना सामान लेकर आ जाएगा। न ही उसने कोई आईडी प्रफु लिया था न ही पुरुष का कोई मोबाइल फोन नंबर लेने की जरूरत समझी थी। लेकिन दीपावली वाले दिन जब बुजुर्ग ने कमरे की खिड़की पर लगा पर्दा उठाकर देखा तो महिला की लाश पड़ी थी।
पुलिस को घटनास्थल से डिश टीवी का सेटअप बॉक्स मिला था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सेटअप बॉक्स की बदौलत ही अनसुलझी महिला हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के करीब पहुंच गई है। बताते है कि आरोपी का पता ठिकाना भी ढूंढ निकाला है और महिला उसकी प्रेमिका थी। प्रेमिका उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। संभवत इसी कारण ही उसकी हत्या की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हत्याकांड के संबंध में अहम सुराग मिले हैं।