जहर खुरान गिरोह का शिकार होने से बाल बाल बचे तीन फैक्ट्री कर्मियों में एक ट्रेन में सवार होते समय अर्द्धबेहोशी की अवस्था में नीचे गिर गया। घटना प्लेटफार्म नंबर चार पर रविवार देर रात खड़ी उपासना एक्सप्रेस की है। जीआरपी आरपीएफ के जवानों को एक युवक के ट्रेन के डिब्बे से गिरने की सूचना मिली।
जब युवक को उठाकर जिला अस्पताल भेजा तब तक उसके साथ ट्रेन में सवार हुए दो युवक भी बेहोश हो गए। पुलिस को माजरा समझ में आते देर न लगी। सोमवार सुबह होश में आने पर युवकों ने अपने नाम अभिषेक पुत्र मुन्ना, संजू पुत्र बाबू निवासीगण गांव कल्याणपुर फरीदपुर बरेली यूपी एवं महेंद्र पुत्र दुग्गन निवासी पोक्टा लापुंग रांची झारखंड बताया।
एसओ डीएस बावजा ने बताया कि युवकों को एक युवक रेलवे स्टेशन पर मिला था। वो उसके साथ हरकी पैड़ी गए थे और रास्ते में युवक ने चाय बिस्कुट खिलाए थे। उसको खाने के बाद उन्हें होश न रहा। लेकिन युवकों का सामान एवं नगदी लुटने से बच गई। ये सब सिडकुल की औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत है और गांव रावली महदूद में किराये पर रहते हैं।