अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हरिद्वार जेल कैंपस में उस समय अफरातफरी मच गई जब अपने पति से मिलने पहुंची एक महिला के पास थर्मस से करीब दवाइयों की इक्कीस सौ टेबलेट बरामद हुई। जेल प्रशासन की माने तो प्रथम दृष्टया ये नशे की गोलियां होना प्रतीत हो रही हैं। पूछताछ के बाद महिला को छोड़ दिया। अब जेल प्रशासन जेल मैनुअल के हिसाब से कैदी पति के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
बृहस्पतिवार सुबह जब कैदियों से मुलाकात के लिए पहुंचे परिजनों, परिचितों को जेल कैंपस में लाया गया तब चेकिंग के दौरान एक महिला के सामान में मौजूद थर्मस को चेक किया तो उसमें गोलियां भरी हुई थी।
बंदीरक्षक की सूचना पर जेल अधीक्षक बीपी पांडे, जेलर एसएम सिंह भी पहुंच गए। महिला को जेल अधीक्षक के कार्यालय में लाया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम निम्मी निवासी गांव इब्राहिमपुर पथरी बताया। बताया कि वह अपने पति रियासत से मिलने के लिए आई थी। महिला ने लाख पूछने के बाद भी नहीं कबूला कि गोलियों का इस्तेमाल किस बीमारी के लिए होना था। जेल अधिकारियों की सूचना के बाद एसओ सिडकुल कमल मोहन भंडारी ने भी मौके पर पहुंचकर महिला से पूछताछ की। जेलर एसएम सिंह ने बताया कि महिला का पति आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। महिला को छोड़ दिया गया है। प्रथम दृष्टया गोलियां नशे की प्रतीत होती हैं। चूंकि रैफर के बिना ही गोलियां थी, इसलिए पूरी हकीकत नहीं पता चल सकी। बताया कि कैदी पति के खिलाफ ही जेल मैनुअल के अनुसार कार्रवाई होगी।
वाहन की चपेट में आकर युवक घायल
पथरी। गांव धनपुरा के निकट हरिद्वार- लक्सर मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम साढ़े छह बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को धनपुरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। फेरूपुर चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण ने बताया कि युवक के पास से पानी का बिल मिला है। जिस पर रजनी सिंह पत्नी शिवचरण निवासी हजारीबाग, कनखल लिखा हुआ है। पानी के बिल के आधार पर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।