कांग्रेस सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी अशोक धिंगान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले की पांच विधानसभाओं में सदस्यता अभियान को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
जिला प्रभारी ने कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। हताश और निराश जनता कांग्रेस की तरफ बड़ी उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों को संगठन से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचेंगे तो लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ पाएंगे।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा प्रभारी सुनीता सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल और सदस्यता अभियान प्रदेश प्रभारी राजेंद्र भंडारी ने प्रत्येक विधानसभा में बीस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। लक्ष्य को पूरा करने में सभी कार्यकर्ता जुटे हैं। हरिद्वार महानगर विधानसभा प्रभारी सुमित तिवारी ने कहा कि सदस्यता अभियान का महत्व समझते हुए संभावित प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सदस्य बना रहे हैं। इस मौके पर रानीपुर भेल विधानसभा प्रभारी कैलाश प्रधान, ज्वालापुर विधानसभा प्रभारी तीरथ पाल रवि, पूर्व जिलाध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज, लक्सर विधानसभा प्रभारी वेदप्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।