विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट सभागार रोशनाबाद में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बैंकों एवं लेखा टीमों के प्रभारियों के चुनावी व्यय से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। बैठक में बताया गया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को बैंक में अलग से खाता खुलवाना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य कोषाधिकारी और मास्टर ट्रेनर परवीन कौर व शैफाली गुप्ता ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों, एजेंटों को नामांकन से लेकर चुनावी परिणाम जारी होने तक होने वाले व्ययों के लिए पृथक से चुनावी व्यय के लिए पृथक खाता खोला जाएगा। चुनाव से संबंधित समस्त व्यय प्रत्याशियों के उक्त खाते से ही किए जाएंगे।
एक लाख रुपये से अधिक के प्रत्येक लेन-देन जिला निर्वाचन अधिकारी व्यय को देनी अनिवार्य रहेगी। चुनावी खर्च सीमा 30,80.000 रुपये होगी। मुख्य विकास अधिकारी डा. सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीएल शाह, मुख्य कोषाधिकारी नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय लेखा नीतू भंडारी, विजय वाल सिंह, जिला महामंत्री सीपीआई महेंद्र सिंह वर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य सीपीआई वैभव दीक्षित, बीएचईएल रानीपुर शाहीन गोयल, रविंद्र कुमार, ओम प्रकाश सिंह, विधा शरण, कन्हैया राम कार्की, बृजमोहन भगत, मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे।