हरिद्वार। जिला प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में लोक निर्माण, गन्ना एवं पंचायती राज विभाग को छोड़कर सभी विभागों की योजनाओं का अनुमोदन कर दिया गया। कहा कि विकास कार्यों को तेजी के साथ शुरू किया जाए।
मंगलवार शाम को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि पेयजल निगम और जल संस्थान की ओर से पानी की पाइप डालने के दौरान रोड कटिंग करके, उसे वैसे ही छोड़ दिया जाता है। इस पर प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि रोड कटिंग के लिए वहां के जेई की जिम्मेदारी तय की जाए। रोड कटिंग ठीक होने के बाद क्षेत्रीय विधायक से एनओसी लेने के बाद ही 10 फीसदी भुगतान किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि स्कूलों में शौचालय, पानी, बिजली, स्कूलों का रंग-रोगन और पानी की निकासी आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जिन क्षेत्रों में लाइटें लगाने के प्रस्ताव पारित होंगे, वहां लगाई जाएं। कहा कि उत्तराखंड में वैक्सीन की अब कोई कमी नहीं है। एक दिन में राज्य में एक लाख लोगों को टीका लगा सकते हैं। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, देशराज कर्णवाल, फुरकान अहमद, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गहरवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके झा, जिला अर्थ और संख्याधिकारी पूरण सिंह तोमर और भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।