हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर फरियादियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगाए गए तहसील दिवस में अधिकारियों की फौज जुटने के बाद भी एक शिकायत का समाधान नहीं हो सका। बाद में एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को हरिद्वार तहसील में लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए तहसील दिवस का आयोजन किया गया। एसडीएम अंशुल सिंह की मौजूदगी में लगाए तहसील दिवस में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याओं को रखा। इनमें अधिकांश मामले जमीनी विवाद के थे। इसके अलावा सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और चकबंदी से जुड़े मामले भी थे। कुल 23 शिकायतें लोगों की ओर से दर्ज कराई गई, लेकिन मौके पर एक भी समस्या का हल नहीं हो सका।
एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतें ट्रांसफर एक सप्ताह में निस्तारित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार शालिनी मौर्य, सीओ अभय प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार ललित मोहन पोखरियाल, पूर्ति निरीक्षक पूनन सैनी, बीडीओ सोमनाथ सैनी, उद्यान निरीक्षक सेठीमल, उप शिक्षा अधिकारी सुमन अग्रवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कमलदास आदि मौजूद रहे।