लोहाघाट में पेयजल समस्या को लेकर जल संस्थान के एई का घेराव करती महिलाएं।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। गर्मी शुरू होते ही नगर में पेयजल समस्या गंभीर होती जा रही है। पानी की आपूर्ति न बढ़ने पर कई लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जल संस्थान के सहायक अभियंता का घेराव किया। जल्द लोगों को राहत न मिलने पर जलसंस्थान कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में नगर क्षेत्र की कई महिलाएं शनिवार को एसडीएम कोर्ट पहुंचीं। इसी दौरान वहां पहुंचे जल संस्थान के एई पवन बिष्ट का उपभोक्ताओं ने घेराव कर दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि उनके नलों में महीने में केवल 10 दिन ही आधे-आधे घंटे पानी आ रहा है, लेकिन जल संस्थान उनसे पूरे महीने का बिल वसूलता है। हर तीसरे दिन उन्हें मात्र 150 लीटर ही पानी मिल रहा है। पानी की कमी के कारण वह नौलों, हैंडपंपों, नर्सरी गधेरे, अक्कलधारे से पानी ढोने के लिए मजबूर हो गए हैं। पानी जुटाने में ही उनका सारा समय लग जा रहा है। कहा कि अगर समय से समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह जल संस्थान में तालाबंदी करेंगे। इधर जल संस्थान के एई पवन बिष्ट ने कहा कि अप्रैल तक समस्या सुलझाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर प्रीति माहरा, विद्या जोशी, बसंती भट्ट, हेमलता महरा, जेबा बानू, हुमा बानू, सविता रावत, विनीता देवी, बबीता राय, विद्या जोशी आदि मौजूद रहीं।