बनबसा (चंपावत)। पंजाब के लुधियाना से करीब एक करोड़ की चोरी कर भागे तीन नेपाली युवकों की धरपकड़ के लिए पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस को अवगत करा मदद मांगी है। बनबसा-टनकपुर सीमा पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।
लुधियाना की नवकार हौजरी के मालिक मुकेश जैन के घर से बुधवार को तीन नेपाली युवक सात लाख से अधिक की नकदी और भारी मात्रा में स्वर्ण आभूषण (कुल करीब एक करोड़) चुराकर फरार हो गए। हौजरी स्वामी ने लुधियाना के सराबा नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चोरी कर फरार नेपाली युवक करीब तीन माह से हौजरी मालिक के घर पर कार्य कर रहे थे। बनबसा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि नेपाली युवकों के दबोचने के लिए सीमा पर गश्त बढ़ाने के साथ ही सतर्कता बरती जा रही है।