टनकपुर(चंपावत)। पहाड़ के प्रवेश द्वार टनकपुर रेलवे स्टेशन से एक्सप्रेस, लोकल समेत कुल 10 ट्रेनों का संचालन पूर्ववत पुराने समय के अनुसार हो रहा है। इनमें प्रतिदिन सुबह 11:25 बजे दिल्ली के लिए पूर्णागिरि जनशताब्दी चलाई जा रही है। जबकि देहरादून के लिए प्रत्येक शनिवार को शाम 7:40 बजे एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ रही है। इससे यात्रियों को रेल की सस्ती यात्रा सुविधा मिल रही है।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि स्टेशन से संचालित एक्सप्रेस ट्रेनों में 12035 पूर्णागिरि जन शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली के लिए प्रतिदिन और 15020 देहरादून के लिए शनिवार के साथ ही 15052 त्रिवेणी एक्सप्रेस सिंगरौली तक सोमवार, बुधवार, शुक्रवर को सुबह 8:35 बजे और 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस शक्तिनगर तक मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार, रविवार को सुबह 8:35 बजे संचालित हो रही है। जबकि 05062 मथुरा एक्सप्रेस सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार को सुबह 4:45 बजे, 05097 राजस्थान के दौराई तक एक्सप्रेस सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को शाम 6:25 बजे संचालित होती है। इसके अलावा प्रतिदिन संचालित लोकल ट्रेनों में 05394 पैसेंजर ट्रेन पीलीभीत के लिए सुबह 7:05 बजे, 05342 पैसेंजर पीलीभीत तक दोपहर 12 बजे, 05322 पैसेंजर ट्रेन बरेली सिटी तक दोपहर बाद 3:30 बजे, 05392 पैसेंजर ट्रेन पीलीभीत तक शाम 5:30 बजे संचालित होती है।