दोस्तों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए बरेली के दो चचेरे भाइयों समेत तीन युवक नहाते वक्त शारदा में डूब गए। सूचना पर पीएसी के गोताखोरों ने नदी में काफी खोजबीन की, लेकिन वे नहीं मिले।
डूबे तीनों युवक अपने दोस्त को बचाने के लिए नदी में कूदे थे, दोस्त को तो उन्होंने बचा लिया, लेकिन खुद नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
बरेली के थाना सुभाष नगर अंतर्गत मोहल्ला गणेश नगर निवासी विकास कश्यप (19) पुत्र पप्पू कश्यप, उसका चचेरा भाई भवानी उर्फ सुरेंद्र (20) पुत्र स्व. मुनीष कुमार और गुलाब नगर चौधरी मोहल्ला निवासी विपिन शर्मा (17) पुत्र रमेश शर्मा दोस्तों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौटने उपरांत बृहस्पतिवार को सुबह 11.30 बजे शारदा में स्नान कर रहे थे।
इनका गुलाब नगर चौधरी मोहल्ला निवासी दोस्त अंकुर कश्यप (21) पुत्र सियाराम नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। अंकुर को बचाने के लिए नदी में कूदे उक्त तीनों युवकों ने अंकुर को तो बचा लिया, लेकिन खुद नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
शोर मचाने पर घाट में तैनात पीएसी की तैराक बटालियन मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पीएसी के तैराक दिनभर डूबे युवकों की तलाश में गोता लगाते रहे, लेकिन खबर लिखे जाने तक वे नहीं मिल पाए थे।
प्रभारी कोतवाल उप निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि डूबे युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। डूबे युवकों के साथी अभिषेक दुबे ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शारदा में नहाते वक्त डूबे विकास, भवानी और विपिन 10 दोस्तों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए थे। तीनों युवक पढ़े लिखे हैं। उन्हें तैरना नहीं आता था, लेकिन घाट में दूर एकांत जगह मेें जाकर नदी के तेज प्रवाह में स्नान करने का जोखिम उठा बैठे।
विकास दसवीं कक्षा में और उसका चचेरा भाई भवानी बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। तीसरा युवक विपिन भी सिलाई का काम करने के साथ ही पढ़ाई भी कर रहा है।