बाराकोट के नदेड़ा ग्राम पंचायत में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायती उपचुनाव के लिए रवाना होती मतदान
- फोटो : LOHAGHAT
चंपावत/लोहाघाट। चंपावत जिले में पंचायती उपचुनाव की दो सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। दोनों पंचायती क्षेत्रों में रविवार शाम ही मतदान टीम पहुंच गई है जबकि कोई नामांकन न होने से बाराकोट के सिंगदा ग्राम प्रधान की कुर्सी खाली रहेगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानी) संजीव रावत ने बताया कि पाटी विकासखंड के मछियाड़ क्षेत्र पंचायत सदस्य और बाराकोट के नदेड़ा ग्राम प्रधान के लिए मतदान होगा। मछियाड़ में कमला और इंदिरा देवी के बीच होगा। नदेड़ा ग्राम प्रधान के लिए जगदीश चंद्र और मोहन चंद्र के बीच सीधा मुकाबला होगा। वोटों की गिनती 29 जून को होगी।
वहीं ग्राम प्रधान की तीन सीटों के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो रहा है। इसमें ज्ञानखेड़ा से नरीराम, वारसी से खीमानंद, सुंगरखाल से नारायण राम चुने गए हैं। इसी तरह एक बीडीसी सीट बैड़ाबेड़वाल के लिए हरीश राम का भी निर्विरोध निर्वाचन तय है। सिंगदा ग्राम प्रधान के लिए एक भी नामांकन न होने से यह सीट खाली रहेगी। ग्राम पंचायत सदस्य की 212 सीटों में से 64 पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है जबकि 148 सीटों के लिए एक भी नामांकन न होने से ये सीटें खाली रहेंगी।