लोहाघाट (चंपावत)। देवीधुरा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। देवीधुरा के आदर्श राजकीय महाविद्यालय में इसी शिक्षा सत्र से बीएससी की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसके लिए एक जुलाई से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने वाली है। छात्राओं की वर्षों से चली आ रही मांग जल्द पूरी होने वाली है।
वर्ष 2014 में बीए में राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत विषयों के साथ राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा का संचालन शुरू हुआ था। इससे छात्र-छात्राओं को काफी सहूलियतें मिलने लगी थीं। महाविद्यालय में विज्ञान और वाणिज्य विषयों के न खुलने से छात्र-छात्राओं को लोहाघाट, चंपावत या हल्द्वानी आदि स्थानों को जाने को मजबूर होना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने विषयों की प्राथमिकता को बदलते हुए कला वर्ग से पढ़ाई करनी पड़ी। महाविद्यालय में विज्ञान वर्ग की कक्षाएं शुरू होने पर छात्र-छात्राओं ने खुशी जताई है।
120 छात्र-छात्राओं को मिलेगा प्रवेश
लोहाघाट (चंपावत)। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता श्रीवास्तव का कहना है कि वर्तमान शिक्षा सत्र से महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं संचालित होंगी। एक जुलाई से सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा कैंपस में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। प्राचार्य ने बताया कि ऑनलाइन प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। पीसीएम और जेडबीसी ग्रुप के साथ महाविद्यालय में पहली बार बीएससी कक्षाओं का संचालन किया जाएगा जिसमें दोनों विषयों में कुल 120 छात्र- छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। संवाद
बीकॉम, एमएससी के लिए जारी रहेगा संघर्ष
लोहाघाट (चंपावत)। छात्र महासंघ सचिव चेतन चम्याल का कहना है कि देवीधुरा महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं संचालित करने का सरकार का फैसला सराहनीय है। महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं शुरू करने की मांग के लिए छात्रों के साथ लंबा संघर्ष किया है। कहा कि बीकॉम, एमए, एमएससी कक्षाओं का संचालन शुरू कराने के लिए आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। संवाद