गोपेश्वर। लोक सेवा आयोग की ओर से 19 नवंबर को होने वाली सहकारिता पर्यवेक्षक व पर्यावरण पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर एडीएम डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि जिले में होने वाली परीक्षा में 1,777 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश किए कि सभी केंद्रों पर परीक्षा से एक दिन पहले ब्रीफिंग की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी हो। लोक सेवा आयोग के समीक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 1777 परीक्षार्थी शामिल होंगे। आयोग के निर्देशानुसार पेपर के पैकेट परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों के सामने खोले जाएंगे। परीक्षा केंद्र में घड़ी, स्मार्ट वाच, मोबाइल फोन, गैजेट्स आदि प्रतिबंधित रहेंगे। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. दीपक सैनी, सीओ पुलिस नताशा सिंह, सीटीओ मामूर जहां, परिवहन अधिकारी ज्योति शंकर मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद