मल्ला बीणा गांव में रास्ता निर्माण के दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पत्थरों में दबकर एक महिला की मौत हो गई जबकि एक महिला बुरी तरह घायल हो गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में भर्ती कराया गया।
पोखरी ब्लाक के मल्ला बीणा गांव से करीब एक किलोमीटर राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत रास्ता निर्माण का कार्य चल रहा है। रविवार को लगभग 11 बजे काम के दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरे और रोशनी देवी (30) पत्नी कपिल बर्त्वाल और सुनीता देवी (44) पत्थरों के नीचे दब गए। रोशनी देवी की मौके पर मौत हो गई जबकि सुनीता देवी बुरी तरह घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने दोनों को पत्थरों के बीच से निकाला। सुनीता देवी को 108 वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेस अस्पताल श्रीकोट रेफर कर दिया गया है। ग्राम प्रधान रश्मि बर्त्वाल ने घटना की सूचना राजस्व पुलिस को दी तो राजस्व उपनिरीक्षक विजय कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। रोशनी देवी अपने पीछे पति और बेटी परी (6) और बेटा रुद्र (2) को छोड़कर चली गई। इस घटना से मल्ला बीणा गांव में मातम पसरा है।