ब्लाक जोशीमठ के सुभाई गांव निवासी सौरभ सिंह ने शुक्रवार को भविष्य बदरी से अपनी साइकिल यात्रा शुरू कर दी है। वह साइकिल से गंगा सागर, बंगाल की खाड़ी, हिंद महासागर, कन्याकुमारी से दिल्ली तक यात्रा करेंगे।
सौरभ ने भविष्य बदरी से भगवान नारायण के चरणों की मिट्टी लेकर यात्रा शुरू की है। उन्होंने बताया कि ऋषि गंगा की आपदा और कोविड में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के साथ वह इस यात्रा से गो और गंगा मैया की स्वच्छता और पेड़ लगाने का संदेश पूरे देश में देना चाहते हैं। कहा कि उत्तराखंड में तीन लाख पौधे लगाने और पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाने का उन्होंने संकल्प लिया है, जिसका वह साइकिल यात्रा के माध्यम से लोगों को संदेश देना चाहते हैं।