पिंडर घाटी के तीन ब्लॉकों की 11 सड़कों का होगा सुधारीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
थराली। पिंडर घाटी के थराली, नारायणबगड़ और देवाल ब्लाॅक की बदहाल 11 सड़कों का सुधारीकरण जल्द होगा। लोक निर्माण विभाग को इसके लिए शासन से करीब 24. 66 लाख की स्वीकृति मिली है। लोनिवि इन सड़कों के सुधारीकरण का काम भी शुरू कर दिया है। इन सड़कों के सुधारीकरण से थराली, नारायणबगड़ और देवाल ब्लॉक के 80 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2006 से 2016 तक 11 सड़कों का निर्माण हुआ था। पांच साल अनुरक्षण के बाद पीएमजीएसवाई ने इन सड़कों को 2019 में लोक निर्माण विभाग थराली को हस्तांतरित कर दिया था। तब से इन सड़कों की स्थिति जर्जर बनी है। सड़कों का डामर उखड़ चुका है, कॉजवे व नालियां क्षतिग्रस्त हैं और स्कपर बंद हैं। अब लोनिवि को सड़कों के सुधारीकरण के लिए शासन से 24. 66 लाख की धनराशि मिली है। लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता दिनेश मोहन गुप्ता ने बताया कि थराली- कुराड़, परखाल- डुंग्री, नंदकेशरी -जौला समेत कई 11 सड़कों का सुधारीकरण और डामरीकरण होगा। यह काम जून माह तक पूरा हो जाएगा।