गोपेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने और पोलिंग पार्टियों के आने-जाने का प्लान तैयार करते हुए परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को रिटर्निंग ऑफिसर और नोडल अधिकारियों की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग में नियुक्त कार्मिकों को प्रशिक्षण देने और माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती के निर्देश दिए। कहा कि किस बूथ पर कौन सा नेटवर्क है इसकी सूचना संकलित करें। जिन बूथों पर नेटवर्क नहीं हैं वहां सेटेलाइट फोन की व्यवस्था की जाए। पिछले चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए मतदान बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कंट्रोल रूम, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, व्यय लेखा एवं निगरानी व व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ सहित अन्य तैयारियां भी सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश सहित सहायक रिटर्निंग अधिकारी, सभी एसडीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।