मुर्गियां भेजने के बहाने साइबर ठगों ने ब्लाक के दिवार गांव के एक व्यक्ति के खाते से दो लाख छह हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने एफआईआर कराकर आरोपी को जल्द पकड़ने और जल्द रकम वापस दिलवाने की मांग की।
नारायणबगड़ ब्लॉक के दिवार गांव निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह ने बताया कि उनका अपने गांव में मुर्गी फार्म है। 19 जून को उन्हें मोबाइल पर फोन आया, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को देहरादून गढ़ी कैंट स्थिति आर्मी कैंटीन का बताकर उसे मुर्गियां भेजने की बात कही। वह ठग की बातों में आ गया और मुर्गियां खरीदने को तैयार हो गया। राजेंद्र ने कहा कि सौदा तय होने के बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे क्यूआर कोड भेजा। क्यूआर कोड को स्कैन कर राजेंद्र ने ठग को एक लाख रुपये भेज दिए। उसके बाद फिर 20 जून को ओटीपी के जरिये गूगलपे से 50 हजार और फिर 56 हजार रुपये उड़ा लिए गए। सुबह जब मुर्गियां नहीं पहुंचीं तो पीड़ित ने आरोपी को फोन मिलाया, लेकिन जब उसका फोन नहीं लगा तो उन्हें अपने साथ ठगी का आभास हुआ। कहा कि उनका एसबीआई शाखा नारायणबगड़ में खाता है। खाते की डिटेल निकालने के बाद साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिक सूचना रिपोर्ट पुलिस चौकी नारायणबगड़ में दर्ज कराई गई है।