एवरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल के नेतृत्व में ट्रांस हिमालय महिला पर्वतारोहण अभियान दल लार्ड कर्जन रोड से होते हुए मंगलवार को जोशीमठ के रायगड़ी गांव पहुंचा। यहां नौवीं स्वतंत्र ब्रिगेड के अधिकारी व जवानों के साथ ही स्थानीय लोगों ने दल का फूल-मालाओं से स्वागत किया। स्वतंत्र ब्रिगेड के ब्रिगेडियर अमन आनंद ने टीम के सभी सदस्यों को प्रतीक चिह्न भेंट किए। दल में 12 सदस्य शामिल हैं, जिनमें सभी महिलाएं 50 वर्ष से अधिक उम्र की हैं। माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला बछेंद्री पाल के नेतृत्व में ट्रेकिंग पर निकला दल फिट इंडिया के तहत महिला ट्रांस हिमालयन अभियान चला रहा है, जिसकी शुरुआत अरुणाचल प्रदेश से हुई थी और समापन कारगिल में होगा।