मंगलवार देर शाम छह बजे जूनीधार-गोठिंडा-पार्था मार्ग पर एक ऑल्टो कार बैक करते समय खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से खाई से निकालकर 108 से सीएचसी थराली में भर्ती कराया गया है।
राजस्व उपनिरीक्षक राजकुमार सिद्धवान ने बताया कि कार थराली से गोठिंडा जा रही थी और गोठिंडा जूनियर हाईस्कूल से आगे बैक करते समय कार असंतुलित होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में हरि राम (50) पुत्र उमेद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुंदन राम (40) पुत्र सोबन राम, चंदन राम (25) पुत्र सोबन राम निवासी जूनीधार एवं दिक्की राम उर्फ दिकपाल राम (52) पुत्र मखरू राम, निवासी हरिनगर लेटाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार गिरने की आवाज सुनकर गोठिंडा के ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व तहसील प्रशासन को सूचना दी। सूचना पर तहसीलदार रवि शाह के साथ राजस्व निरीक्षक जगदीश गैरोला, राजस्व उपनिरीक्षक राजकुमार सिद्धवान और रीता बिष्ट मौके पर पहुंचे। वहीं एसआई अमित नौटियाल मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंचे। प्रशासन एवं पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को खाई से निकाला और सीएचसी थराली भेजा। जहां पर उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। कार चंदन राम चला रहा था।