बागेश्वर के राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित बैठक में मौजूद विहिप, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी कार्यकर्?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी चैत्र नवरात्र में दो से 10 अप्रैल तक रामोत्सव का आयोजन कराएंगे। संगठन की मासिक बैठक में उत्सव की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने लव जिहाद, धर्मांतरण जैसे मुद्दों को लेकर ठोस प्रशासनिक योजना बनाने की भी मांग की।
विहिप के जिलाध्यक्ष दरपान सिंह धपोला की अध्यक्षता में राधाकृष्ण मंदिर में संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद अल्मोड़ा विभाग के विभाग मंत्री पूरन सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से धर्म की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने को कहा। उन्होंने इस वर्ष की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। कहा कि रामोत्सव संपन्न होने के बाद जून महीने में विहिप, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के वर्ग आयोजित किए जाएंगे। बैठक में पांचों प्रखंडों की पूर्ण कार्यकारिणी का विस्तार करने की योजना बनाई गई।
रावत ने कहा कि धर्मांतरण और लव जिहाद जैसे मसलों को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस योजना बनाने की जरुरत है। उन्होंने बाजारों में सभी दर्जी की दुकानों में एक महिला कर्मचारी की तैनाती पर भी जोर दिया। बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रांत मंत्री विपिन पांडेय ने साप्ताहिक सत्संग और सेवा कार्यों को बढ़ावा देने को कहा। नगर प्रखंड में गो सेवा को बढ़ाने और असामाजिक मसलों के खिलाफ आवाज उठाने के निर्देश दिए। बैठक में सुनीता राठौर, भूपाल गढ़िया, विजय परिहार, शंकर धपोला, भास्कर नेगी, अर्जुन परिहार, कुंदन टंगड़िया, नवीन पंत आदि थे।