बागेश्वर में तीन महीने से रुके वेतन का भुगतान करने की मांग को लेकर धरना देते जल संस्थान के संविदा ?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं होने से जल संस्थान के संविदा श्रमिकों में नाराजगी है। आक्रोशित संविदा श्रमिकों ने विभाग के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने जल्द वेतन का भुगतान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
बुधवार को उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के सदस्यों ने कार्यालय के बाहर धरना दिया, बाद में ईई और डीएम को ज्ञापन भी दिया। संघ के शाखा मंत्री नवीन चंद्र पांडेय ने कहा कि संविदा कर्मियों को फरवरी के बाद से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। पहले ही श्रमिक अल्प वेतन में घर चलाने को मजबूर है। समय पर वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट बढ़ता जा रहा है। श्रमिकों के सामने घर चलाने के लिए उधार लेने की नौबत आ गई है। संविदा श्रमिकों ने मार्च 2021 से अप्रैल 2022 तक के महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि कर्मचारियों को न तो वेतन समय से मिल रहा है और न ही महंगाई भत्ते का भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों ने विभाग और प्रशासन से जल्द श्रमिकों के लंबित देयकों का भुगतान कराने को कहा। वहां पर शाखा अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, पूरन सिंह, रमेश पांडेय, जियाउल हक, रमेश चंद्र, राजेंद्र बिष्ट, नंदन प्रसाद आदि मौजूद रहे।