बागेश्वर के सैंज में गैस सिलिंडर प्राप्त करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगर में रसोई गैस का संकट गहराता जा रहा है। प्लांट से नियमित रूप से गैस के वाहन न आने से ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही नगर क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है। बुधवार को नगर के सैंज क्षेत्र में कई दिन बाद रसोई गैस का वाहन पहुंचा तो गैस भराने के लिए लोगों की लाइन लग गई।
सैंज, मजियाखेत क्षेत्र के लोग मंगलवार को भी तीन घंटे तक सड़क पर गैस वाहन के इंतजार में बैठे। बाद में पूर्व कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा के नेतृत्व में एसडीएम हर गिरि से मिली महिलाओं ने उनके सामने रसोई गैस के संकट का मामला उठाया। एसडीएम ने गैस एजेंसी के प्रबंधक को बुधवार को प्राथमिकता के अनुसार सैंज, मजियाखेत के लोगों को रसोई गैस वितरित करने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्टरों और केएमवीएन के मध्य भाड़ा बढ़ाने के लिए गतिरोध बना हुआ है। इस कारण नियमित रूप से गैस के वाहन नहीं आ पा रहे हैं। नगर में नवंबर से रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है। बोहाला समेत कई इलाकों में एक माह से रसोई गैस नहीं बंटी है।